आमतौर पर रुद्रपुर से दिल्ली के लिए रोजाना 18 बस का होता है संचालन
जी-20 सम्मेलन के चलते लोगों में रही भ्रम की स्थिति
रुद्रपुर। जी-20 सम्मेलन के चलते शनिवार को दिल्ली जाने वाले लोगों में भ्रम की स्थिति रही। बस के रूट बदलने अथवा दूसरे स्थानों पर अस्थायी स्टॉपेज बनाए बनाए जाने की आशंका के चलते रोडवेज बस में यात्रियों की संख्या कम रही। इस कारण रुद्रपुर डिपो से दिल्ली के लिए मात्र आठ बस ही संचालित हुईं। आमतौर पर रोजाना इस रूट पर 18 बस चलती हैं। यात्रियों की संख्या कम होने से रोडवेज की दैनिक आय भी प्रभावित हुई।
शनिवार को सुबह से ही दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी कम रही। हालांकि बसों का संचालन सुबह पांच बजे से शुरू हो गया था लेकिन बस की कई सीट खाली रहीं। रोडवेज स्टेशन परिसर में यात्रियों के इंतजार में खड़े कुछ परिचालकों ने कहा कि जी-20 सम्मेलन के कारण दिल्ली में कई निजी और सरकारी संस्थान बंद है। जी-20 सम्मेलन को लेकर लोगों में बसों के संचालन और स्टॉपेज को लेकर भ्रम हो रहा है। जिसके चलते अन्य दिनों की अपेक्षा कम ही यात्रियों ने दिल्ली के लिए सफर किया। सुबह के समय दिल्ली जाने वाली अधिकतर बस की सीट खाली रहीं। इसके अलावा दो बस के संचालन के बीच का समय एक से डेढ़ घंटा रहा।
कोट-
रुद्रपुर डिपो से प्रतिदिन दिल्ली के लिए 18 बस का संचालन होता है, लेकिन शनिवार को यात्रियों की संख्या थोड़ी कम रही। हालांकि यात्रियों की संख्या यदि बढ़ती है बस पर्याप्त संख्या में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली जाने वाले सभी मार्ग में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं हुआ है। सभी बस पूर्व की भांति आनंद विहार बस अड्डे तक जा रही हैं। -ब्रहमानंद, स्टेशन प्रभारी रुद्रपुर डिपो
फोटो 04पी - रुद्रपुर स्टेशन मे खड़ी दिल्ली जाने वाली बस।
काशीपुर डिपो से चलीं दस के सापेक्ष सिर्फ पांच बस
काशीपुर। काशीपुर डिपो के प्रभारी हरेंद्र सिंह नितवाल ने बताया कि रोजाना काशीपुर से दिल्ली के लिए दस बस का संचालन किया जाता है। इस रूट से दो से ढाई लाख की आमदनी प्रतिदिन होती थी। जी-20 सम्मेलन के कारण दिल्ली रूट पर मात्र पांच बस ही शनिवार को संचालित हुईं। जयपुर जाने वाली बस भी नहीं गई है। इससे डिपो को लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का आकलन है। संवाद
यात्रीगण ध्यान दें... नैनीताल जाने वाली सुबह की गाड़ी रद्द
स्टाफ की कमी से सेवा की गई बंद, दोपहर दो बजे जाने वाली बस का संचालन जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। एक महीने पहले नैनीताल रूट पर शुरू की गई दो बस में से एक बस को बंद कर दिया गया है। बस सेवा बंद होने से पीछे स्टाफ की कमी वजह बताई गई है।
यात्रियों की संख्या को देखते हुए रुद्रपुर डिपो से दो अनुबंधित बस को नैनीताल रूट पर लगाया गया था। इनमें से एक बस सुबह सात बजे और दूसरी बस दोपहर दो बजे नैनीताल रवाना हो रही थी। अब नैनीताल के लिए सुबह संचालित होने वाली एक बस को बंद कर दिया गया है। एआरएम महेंद्र कुमार ने बताया कि स्टाफ की व्यवस्था होते ही बस का दोबारा संचालन शुरू कर दिया जाएगा।