डीएम रंजना राजगुरू और एसएसपी डीएस कुंवर की अध्यक्षता में ईद-उल-अजहा के लिए जिले की मस्जिदों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। इसमें बताया गया कि मस्जिदों में कमेटी के सदस्य (अधिकतम 10 व्यक्ति) ही नमाज अदा करेंगे। मस्जिदों के प्रमुखों ने जिला प्रशासन के सभी निर्देशों का पालन करने और पर्व को सांकेतिक रूप से मनाने की बात कही।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने पर्व की बधाई देते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए आयोजनों को सांकेतिक रूप से मनाया जाए। सभी मस्जिदों पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएं। खुले में कुर्बानी न दी जाए। किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न हो इसके लिए आपस में समन्वय बना कर पर्व को मनाएं। मस्जिदों में कमेटी के सदस्य (अधिकतम 10 व्यक्ति) ही नमाज अदा करेंगे।
अन्य लोग अपने घरों में नमाज अदा करें। उन्होंने मस्जिद प्रमुखों से कोरोना टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील भी की। डीएम ने सभी एसडीएम और निकायों को सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। वहां पर एडीएम जेसी कांडपाल, मस्जिद प्रमुख नासिर खां, मौलाना आरिफुल कादरी, डॉ. शाहिद रजा, बाबू खान, हाजी नवी रजा, साबिर हुसैन आदि थे।
जसपुर में अमन कमेटी की बैठक हुई
जसपुर। ईद-उल-अजहा को देखते हुए शनिवार को दुल्हन पैलेस में अमन कमेटी की बैठक हुई। एसडीएम सुंदर सिंह, सीओ एपी कोंडे और कोतवाल जेएस देउपा ने सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। कोतवाल ने कहा कि कोरोना के नियमों का पालन करते हुए सुबह पांच से शाम सात बजे तक कुर्बानी दी जाए। वहां पर हाजी हमीद, हाजी सद्दीक, मो. यामीन, शहर इमाम मौलाना अयूब, बलराम सिंह, सोनू आदि थे। इधर, बताया गया कि ईद के दिन सुरक्षा को देखते हुए ठाकुरद्वारा बस स्टेंड से मोहल्ला जोशीयान एवं चौहानान को जोड़ने वाले रास्ते को पूरे दिन बंद कर दिया जाएगा। (संवाद)