प्याज की बढ़ी कीमतों के बीच राहत दिलाने के मकसद से मंडी समिति ने पचास रुपये किलो की दर से लोगों को प्याज उपलब्ध कराया।
मंगलवार को मंडी समिति बगवाड़ा में प्याज का अलग काउंटर लगाया गया। इसमें करीब सौ लोगों को पांच कुंतल प्याज वितरित किया गया। प्रत्येक को पचास रुपये की दर से पांच-पांच किलो प्याज दिया गया। शाम तक लोग प्याज खरीदने आते रहे। मंडी समिति अध्यक्ष बलदेव राज छावड़ा ने बताया कि मंडी का अगला प्रयास गांवों तक वाहन के जरिए प्याज उपलब्ध कराना है। बताया कि जब तक प्याज के दामों में कमी नहीं आ जाती, काउंटर के जरिए प्याज बेचा जाएगा। इस मौके पर मंडी समिति सचिव एमसी जोशी, ब्लाक अध्यक्ष दिनेश पंत, ग्राम प्रधान सुरेश गौरी, गुलशन जुनेजा, हरपाल सिंह, पूरन सिंह, संजीव पाठक, अमित चौहान आदि मौजूद थे।