खटीमा। हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत उत्तरी जौलासाल वन रेंज के अंतर्गत ब्यानधुरा के जंगल में साथियों के साथ फूल झाड़ू तोड़ने निकले थारु जनजाति के एक ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार की देर रात शव को कब्जे में लिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इधर, मृतक के साथी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वन कर्मियों की फायरिंग से घबराकर उनका दोस्त पहाड़ी से गिर गया था।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर शाम उत्तरी जौलासाल रेंज के रेंजर पूरन चंद्र जोशी की सूचना पर खटीमा और नानकमत्ता की पुलिस टीम रेंज में तीन किमी पैदल चलकर ब्यानधुरा मार्ग पर घटनास्थल पहुंची। टीम ने बिरिया मझोला निवासी रतन सिंह राणा (50) के शव को कब्जे में लिया। अस्पताल में मृतक की पत्नी मझोला द्वितीय निवासी जैमंती देवी ने बताया कि 27 जनवरी को गांव के ही रमेश सिंह, मुन्ना सिंह, रिशपाल सिंह के साथ मेरे पति रतन सिंह झाड़ू काटने के लिए कुमियों मिट्टी, ब्यानधुरा मार्ग के जंगल में गए। उक्त तीनों साथी शाम को ही लौट आए लेकिन पति नहीं लौटे। साथियों से पति के बारे में पूछा तो जानकारी न होने की बात कही। 28 जनवरी को वन कर्मियों ने जब साथ में गए मुन्ना सिंह को पूछताछ के लिए पकड़ा तो उसने कहा कि वन कर्मियों की फायरिंग की घबराहट से रतन सिंह पहाड़ से गिर गया। इधर, एसएसआई देवेंद्र गौरव ने बताया कि जांच की जा रही है। पुलिस टीम में नानकमत्ता थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट, एसआई लक्ष्मण सिंह, एसआई राजेंद्र पंत, एसआई अवनीश कुमार आदि थे। पंचनामा एसआई अरविंद बहुगुणा ने भरा।