बाइक में पीछे बैठा था दीपेंद्र, टक्कर में छिटककर ट्रक के पिछले टायर से कुचला
मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए जा रहा था बाराबंकी के श्रद्धालुओं का दल, खटीमा टनकपुर राजमार्ग पर तिगरी के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
खटीमा। मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए जा रहे एक बाइक सवार की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। मरने वाला युवक बाइक के पीछे बैठा था। हादसे में बाइक चला रहा युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जगीराबाद गदाईपुरा निवासी दीपेंद्र कुमार (41) पुत्र सहजराम अपने गांव के साथी ललित कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर मां पूर्णागिरि दर्शन को जा रहे थे। उनके साथ अलग-अलग बाइकों में गांव के गोपी, नोमीलाल, विनोद कुमार, अंकित थे। ये लोग तीन बाइक पर सवार होकर बुधवार को पूर्णागिरि के दर्शन के लिए घर से निकले थे। देर रात जब वह खटीमा से टनकपुर के लिए रवाना हुए। तिगरी चौराहे के पास पीछे आ रहे ट्रक के चालक ने दीपेंद्र कुमार की बाइक को टक्कर मार दी। दीपेंद्र बाइक के पीछे बैठे हुआ था। टक्कर लगने के बाद वह छिटककर ट्रक के पिछले टायर में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे ललित कुमार बाल-बाल बच गए। सूचना पर पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चौकी परिसर में खड़ा करा दिया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक खेतीबाड़ी कर परिवार की आजीविका चलाता था। मृतक अपने पीछे पत्नी बबीता वर्मा, पुत्री गुनगुन और चाहत को रोता-बिलखता छोड़ गया है। परिजन शव लेकर बाराबंकी रवाना हो गए। मृतक के बड़े भाई संतोष कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 06केटीएम01पी: मृतक दीपेंद्र कुमार(फाइल फोटो)।
वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत
रुद्रपुर। हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। गांव पिपलिया, महतोष गदरपुर निवासी राजू मंडल (32) शहर में काशीपुर हाईवे पर स्थित एक प्लाई की फैक्टरी में नौकरी करता था। परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात करीब आठ बजे वह ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहा था। जाफरपुर मोड़ के नजदीक वह एक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल से उसे रेफर किया गया तो परिजन शहर के एक निजी अस्पताल में उसे ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। कोतवाल विक्रम राठौर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और बेटी को छोड़ गया है।
फोटो
06 आरडीपी 14 पी - मृतक राजू मंडल का फाइल फोटो।
बाइक की टक्कर से बुजुर्ग घायल, अस्पताल में मौत
खटीमा। बुधवार देर शाम कुटरी निवासी महेश सिंह (63) पुत्र गेंदा सिंह अपने घर से एक दुकान पर सामान लेने जा रहे थे। अचानक एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां डॉ. केसी पंत ने घायल का प्राथमिक इलाज किया और हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार को घायल महेश सिंह की इलाज के दौरान सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में मौत हो गई। संवाद
ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला घायल
खटीमा। अमाऊं निवासी खीमा देवी(31) ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने एंबुलेंस 108 की मदद से घायल को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने घायल महिला का प्राथमिक इलाज किया और हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। संवाद