सिडकुल के फेज टू में तेज गति से चल रही बाइक ने दूसरी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइकों में बैठे चार लोग घायल हो गए। इनमें से एक ने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे शक्तिफार्म के रुदपुर नंबर दो जयंतनगर निवासी विधान मंडल (45) गांव के ही एक युवक अजय सरकार की बाइक (यूए04-1836) से सिडकुल के फेज टू में निर्माणाधीन पावर हाउस में मजदूरी करने जा रहा था। पावर हाउस के समीप तेज गति आ रहे बाइक सवार बैकुंठपुर निवासी प्रशांत व गौतम ने पीछे से विधान की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे चारों बाइक सवार सड़क पर छिटक कर गिर पड़े। सड़क पर सिर के बल गिरने से विधान सहित चारों घायल हो गए। 108 एंबुलेंस की मदद से चारों को सितारगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
जहां विधान की हालात चिंताजनक देख डाक्टरों ने तुरंत हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। जिसके रास्ते में विधान ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम करने के बाद डाक्टरों ने शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी शेफाली व दो बेटों को बिलखता छोड़ गया है। इधर, घायल अजय सरकार को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया। जबकि, दूसरे बाइक सवार घायल प्रशांत व गौतम को उनके परिजनों ने हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई थी।