रुद्रपुर के मृतक प्रकाश नेगी का फाइल फोटो।
- फोटो : RUDRAPUR
ग्राम छतरपुर में कार पलटने से अल्मोड़ा के एक युवक की मौत हो गई। हादसे में उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से हल्द्वानी रेफर किया गया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मूलरूप से जैंती (अल्मोड़ा) निवासी प्रकाश नेगी (26) पुत्र खुशाल सिंह बीते कुछ वर्षों से रुद्रपुर के गंगापुर रोड स्थित शैल भवन में परिवार के साथ रह रहा था। बीते रविवार को उसके गांव के तीन दोस्त उससे मिलने के लिए रुद्रपुर आए थे। रात में सभी कार (यूके 04 टीए 6075) में सवार होकर छतरपुर में किसी रिश्तेदार के घर जा रहे थे। छतरपुर पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। कार के नीचे दबने से प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कृष्णा नेगी, सोनू और त्रिलोक गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों और पुलिस कर्मियों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने तीनों को हल्द्वानी रेफर कर दिया। इधर, प्रकाश की मौत की खबर मिलते ही उसकी पत्नी अस्पताल पहुंच गई थी। बिलखते हुए पूजा ने बताया कि पति ने घर से जाने से पहले जल्दी लौटकर आने की बात कही थी लेकिन वह हमेशा के लिए उन्हें अकेला छोड़कर चले गए। सोमवार सुबह पूजा और प्रकाश दोनों के परिजन रुद्रपुर पहुंच गए थे।