बघौरा पावर ग्रिड में चल रहे बिजली की क्षमता बढ़ाने के काम के दौरान वेल्डिंग मशीन के करंट से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है।
वार्ड संख्या छह नहरपार के चार मजदूर रिजवान अहमद (20) पुत्र जलील अहमद, सुल्तान (18) एवं फुरकान (20) पुत्रगण जमील अहमद और मैसाद (22) पुत्र बाबू रविवार को पावर ग्रिड बघौरा में चल रहे बिजली क्षमता बढ़ाने के काम पर मजदूरी करने गए थे। सुबह करीब 9:30 बजे रिजवान ने वेल्डिंग मशीन को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए बिजली बोर्ड से स्विच ऑफ कर दिया और अपने साथी मजदूर सुल्तान के साथ वेल्डिंग मशीन उठाने लगा। जैसे ही वह मशीन को उठाकर दूसरी जगह ले जा रहे थे कि मशीन में करंट दौड़ गया।
करंट की चपेट में आने से रिजवान का पैर अर्थिंग रॉड डालने के लिए खोदे गए गड्ढे में चला गया और मशीन उसके ऊपर जा गिरी। हादसे में रिजवान अहमद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुल्तान का हाथ झुलस गया। फुरकान और मैसाद ने रिजवान के ऊपर गिरी मशीन हटानी चाही तो उन्हें भी करंट लग गया और मशीन उनके हाथ से छूटकर गिरने से वे दोनों भी घायल हो गए। आननफानन में चारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर ने रिजवान अहमद को मृत घोषित कर दिया और घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे एसआई मनोज कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने साइट पर काम कर रहे दो कर्मचारियों को पूछताछ के लिए उठाया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। इधर, एसडीएम निर्मला बिष्ट ने राजस्व कर्मियों से घटना की रिपोर्ट मांगी है। राजस्व कर्मियों ने मौका मुआयना भी किया।
पावर ग्रिड अधिकारियों पर लगाया लापरवाही का आरोप
सितारगंज। पावर ग्रिड बघौरा में करंट से मजदूर की मौत के बाद वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। दोपहर करीब एक बजे ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। करीब घंटे भर तक सांकेतिक धरना देने के बाद वार्डवासियों ने एसएसआई मदन मोहन जोशी का घेराव किया। ग्रामीणों ने पावर ग्रिड के अधिकारी एवं कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि मृतक ने बोर्ड से स्विच ऑफ करके मशीन उठाई, लेकिन किसी ने स्विच खोल दिया, जिससे करंट लगने से रिजवान अहमद की मौत हो गई। एसएसआई ने ग्रामीणों को बताया कि घटना की जांच की जा रही है। कार्यदायी कंपनी के दो कर्मचारियों को पूछताछ के लिए पूछताछ के लिए उठाया गया है। वहां पूर्व सभासद रहमत हुसैन, सलीम रिजवी, सरताज अहमद, शराफत अली, शफी अहमद, राहत खान, अख्तर, जलील अहमद आदि थे।
कोतवाली में गश खाकर गिरीं मां और बहनें
सितारगंज। करंट से युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम है। रिजवान अहमद की मां मुन्नी, तीन बहनों नाजरीन, रीना और हिना शव देखकर गश खाकर गिर गईं। पिता जलील अहमद का भी रो-रोकर बुरा हाल था। रिजवान तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई इरफान और छोटा भाई फरजान हैं। ब्यूरो
करंट लगने से युवक बेहोश, हालत गंभीर
रुद्रपुर। सुभाष कॉलोनी वार्ड नंबर 14 निवासी सद्दाम (27) पुत्र लियाकत हुसैन रविवार दोपहर दो बजे घर में खराब स्विच बोर्ड ठीक कर रहा था। करंट लगने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे आधे घंटे से अधिक रेते के ढेर पर दबा दिया। किसी के समझाने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद भी उसकी हालत गंभीर बनी है।