नानकमत्ता। घर लौट रहे युवक की बाइक को सामने से आ रहे कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कैंटर चालक को हिरासत में ले लिया और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शनिवार को गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब के सेवादार प्रकट सिंह का पुत्र इंद्रवीर सिंह (27) बाइक (यूके06एयू-8275) से सितारगंज से नानकमत्ता अपने घर लौट रहा था। सत्संग तिराहे पर खटीमा की ओर से आ रहे एक कैंटर (यूके04सीबी-3184) ने उसको रौंद दिया। दुर्घटना में इंद्रवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसआई नवीन बुधानी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। कैंटर चालक को हिरासत में ले लिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई थी।