कोतवाली पुलिस ने बंद पड़ी काशीपुर चीनी मिल की मशीनों से तांबा चोरी कर रहे एक आरोपी को मौके पर धर दबोचा। जबकि दो चोर पुलिस टीम को देख फरार हो गए। आरोपी के कब्जे से तांबा काटने में प्रयुक्त औजार भी बरामद हुए हैं।
सोमवार रात बंद पड़ी काशीपुर चीनी मिल परिसर में तीन चोर मशीनों से तांबा काट रहे थे। ड्यूटी पर तैनात एक कांस्टेबल की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रामपुर थाना सिविल लाइन के ग्राम मडैया नादरबाग निवासी नेतराम पुत्र छिद्दू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी नन्हें उर्फ रईस, रामप्रसाद उर्फ प्रसादी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वहां से तांबे के तार के दो बंडल, लोहा काटने के चार ब्लेड, तीन छेनी, एक हथौड़ी नुमा पाना बरामद किया है। पुलिस फरार दो आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास में जुटी है।
दो चोरियों का खुलासा किया
नेतराम से की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अलीगंज रोड पर सरजीत सिंह की दशमेश किराना स्टोर में हुई चोरी की वारदात का भी खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छह हजार की नकदी बरामद की है। इसके अलावा पुलिस ने 28 जनवरी को मोहल्ला रहमखानी निवासी शारदा देवी पत्नी संजय कुमार के घर हुई चोरी की वारदात का भी खुलासा कर दिया। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर से चोरी गए कान के झुमके, चेन, अंगूठी, नाक की पिन, एक जोड़ी पायल, चांदी के सिक्के आदि बरामद किए गए हैं।
पहले भी कई बार हो चुकी है चोरी की वारदातें
चीनी मिल बंद होने के बाद से मशीनों से तांबा और उपकरण चोरी की कई वारदातें प्रकाश में आ चुकी हैं। पांच माह पूर्व चीनी मिल में घुसे डकैतों की पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ भी हो चुकी है। इस मुठभेड़ में छर्रे लगने से दो कांस्टेबल भी घायल हो गए थे। चोरों के साथ मिलीभगत के आरोप में एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने मिल में तैनात पूरी गारद को लाइन हाजिर कर दिया था। चीनी मिल परिसर में सुरक्षा गारद तैनात होने के बाद भी वहां चोरी की वारदातें नहीं रुक पा रही है।
चार दुकानों के ताले चटकाए, नकदी और सामान चोरी
कुमाऊं कॉलोनी निवासी मनीष सिंह पुत्र विद्या सिंह की एसडीएम आवास के सामने कैंटीन है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात चोरों ने उनकी दुकान के ताले तोड़कर गल्ले में रखे 15 सौ रुपये चोरी कर लिए।
गिरीताल रोड पर अमित कुमार पुत्र अमर चौधरी का अमर डिपार्टमेंटल स्टोर है। मंगलवार सुबह वह भंडारे के लिए ऑर्डर किया गया दूध लेने के लिए उठे। घर से बाहर निकलने पर मोहल्ला सिंघान निवासी उमेश चंद्र पुत्र बाबूराम की दुकान के ताले टूटे होने की जानकारी मिली। चोर दुकान का शटर खुला छोड़ गए थे। गल्ले में रखी नकदी पर नजर न पड़ने के कारण नकदी चोरी होने से बच गई। अमित ने अपनी दुकान चेक की तो उसकी दुकान के ताले भी टूटे थे। चोर दुकान से करीब 15 हजार की नकदी, दो मोबाइल और कुछ सामान उड़ा ले गए।
चोरों ने गिरीताल कॉलोनी निवासी गिरीश चंद्र पुत्र महावीर सिंह की दुकान के भी ताले तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सेंटर लॉक न खुल पाने के कारण चोर इसमें सफल नहीं हो सके। सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर चोरी जानकारी ली। खबर लिखे जाने तक किसी भी मामले में केस दर्ज नहीं हो सका था।
70 हजार की नकदी, ढाई लाख के जेवर पार
खटीमा में रिश्तेदारी में गए एक ग्रामीण के घर चोरों ने हाथ साफ कर 70 हजार की नकदी सहित ढाई लाख के जेवर पार कर लिए।
यूपी सीमा के लगे गांव बनगवां निवासी कुलवंत सिंह घर में ताला लगाकर सपरिवार अपनी ससुराल ध्यानपुर नानकमत्ता गया था। सोमवार रात चोर दीवार फांदकर कुलवंत सिंह के घर में घुसे। चोरों ने घर खंगालकर 70 हजार की नकदी सहित ढाई लाख के जेवर पार कर लिए। कुलवंत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मौका मुआयना कर चोरों की ढूंढखोज शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि चोर उसका सब कुछ ले गए। पुलिस ने फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
चोरों ने नकदी और जेवर उड़ाए
किच्छा में वार्ड 10 निवासी जोध सिंह अपने इलाज के लिए दिल्ली गए थे। सोमवार रात को चोरों ने घर का ताला तोड़कर सिलेंडर, सात हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटना का निरीक्षण किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो