खटीमा। पुलिस ने फरवरी 2020 में चोरी हुए दस टायरा ट्रक की बरामदगी कर ली है। एसएसपी डीएस कुंवर ने पुलिस टीम को बधाई देते हुए ढाई हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रक का चेसिस नंबर काट दिया और उस पर पेंट करवा दिया था।
सीओ कार्यालय में एसएसपी ने बताया कि मुख्त्यार सिंह मकरंदपुर चौगान थाना माधोटांडा पीलीभीत यूपी की तहरीर पर पुलिस ने चारुबेटा श्यामलाल के वर्कशाप से चोरी ट्रक संख्या यूके06सीबी-0864 के मामले में केस दर्ज किया था। खुलासे के लिए एसपी रुद्रपुर, एसपी अपराध और सीओ मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन में टीम गठित की। पुलिस टीम ने 70 संदिग्ध कबाड़ियों, पुराने वाहन चोरों से पूछताछ की। 27 जून को मुखबिर ने बताया कि यह ट्रक बरेली बाईपास रोड पीलीभीत में कटने के लिए रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने त्रिलोचन सिंह निवासी मुडेली थाना खटीमा के कब्जे से ट्रक बरामद कर लिया। आरोपी ने ट्रक की शिनाख्त और गिरफ्तारी से बचने के लिए चेसिस नंबर काट दिया था और ट्रक में रंग कर दिया था। ट्रक चालक और वाहन स्वामी ने ट्रक की पहचान कर ली है।