- 73 ग्राम स्मैक के साथ एसटीएफ ने दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। यूपी से रुद्रपुर में स्मैक बेचने आ रहे तस्कर को एसटीएफ ने दबोचा। उसके कब्जे से 73 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी इससे पहले करीब 20 बार तराईए हल्द्वानी और पिथौरागढ़ में स्मैक बेचने आ चुका है। बरामद हुई स्मैक की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
बुधवार शाम को कुमाऊं एसटीएफ की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक स्मैक बेचने के लिए शहर में आ रहा है। टीम ने रामपुर रोड पर पहुंचकर एएन झा इंटर कॉलेज के नजदीक से एक संदिग्ध युवक को दबोचा। तलाशी लेने पर टीम को उसके पास से 73 ग्राम स्मैक मिली। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गांव जुठिया शाहजादनगर जिला रामपुर(यूपी) निवासी जीशान अहमद बताया। उसने बताया कि वह मीरगंज जिला बरेली निवासी एक व्यक्ति से 1,500 रुपये प्रतिग्राम के हिसाब से स्मैक खरीद कर लाता है और तराई के क्षेत्र में 1,800 रुपये प्रतिग्राम के हिसाब से बेचता है। कुमाऊं एसटीएफ प्रभारी महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया। उधर एसएचओ विक्रम राठौर का कहना है कि आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायालय के समक्ष पेश किया गयाए जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।