गदरपुर । हाई कोर्ट के निर्देश पर पांच बीडीसी सदस्यों को प्रमाण पत्र देने के लिए ब्लॉक में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। दोनों पक्षों के सैकड़ो समर्थक मौजूद थे । भारी बारिश के बीच रिटर्निग अफसर प्रमाण प्रमाण पत्र दिए। प्रमाण पत्र लेने के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों को पैदल ही अंदर जाने दिया गया।
बुधवार को हाई कोर्ट के आदेश पर चुनाव अधिकारी ने पांच क्षेत्र पंचायत सदस्यों शबीना, तरन्नुम, किरण, मंजू मंडल और विनोदिनी गाईन को प्रमाण पत्र देने थे। सूचना पर ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ रही जसविंदर कौर के समर्थक कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां से उन्हें सूचना मिली कि प्रमाण पत्र चुनाव अधिकारी द्वारा गदरपुर में दिए जाएंगे। प्रमाण पत्र देने की सूचना पर को सीओ विभव सैनी और गदरपुर थाने के इंस्पेक्टर जसबीर सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। इस दौरान रुद्रपुर कोतवाली इंस्पेक्टर मनोज रतूड़ी के अलावा केलाखेड़ा थानाध्यक्ष अशोक कुमार, दिनेशपुर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत के अलावा भारी पुलिस बल ब्लॉक मुख्यालय पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। करीब 9:30 बजे क्षेत्र पंचायत सदस्य अपने समर्थको के साथ ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने किसी भी समर्थक को क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ अंदर नहीं जाने दिया। इस दौरान भारी बारिश के बीच एक-एक करके पांच क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अंदर जाने दिया गया। चुनाव अधिकारी द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र दिए गए इस दौरान दोनों तरफ के समर्थक नारेबाजी कर रहे थे और एक दूसरे पर पुलिस को मदद करने का आरोप लगा रहे थे। मौके पर मौजूद रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल बार-बार पुलिस के पास पहुंचकर दूसरे पक्ष को हटाने की बात कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने किसी की भी नहीं सुनी। सीओ विभव सैनी का कहना था कि किसी भी पक्ष के समर्थकों को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा कई बार पुलिस को दोनों पक्षों के समर्थकों को धक्के देकर हटाना पड़ा।