गांव कनौरा हाइवे स्थित हाट मिक्स प्लांट पर तैनात मुंशी सहित दो कर्मचारियों के हाथ-पांव बांधकर हथियारबंद चार बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। गोदाम का ताला तोड़कर चार नौ बिजली मोटर और छह बैटरी समेत अन्य सामान गाड़ी में भरकर फरार हो गये। हाइवे पर लूटपाट की घटना होने से ग्रामीणों में दहशत बनी है। खबर मिलते ही सीओ राजीव मोहन, एसएसआई केपी टम्टा, एसआसई मनीष खत्री, अजेंद्र प्रसाद सिंह ने मय फोर्स मौके पर पहुंचे। घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी गई है।
हल्द्वानी निवासी सरकारी कांट्रेक्टर रामबाबू सिंह का रुद्रपुर-काशीपुर हाइवे पर गांव कनौरा में हाट मिक्स प्लांट है। वहां मुंशी सहित दो कर्मचारी थे। सोमवार को तड़के हथियार बंद चार बदमाशों ने कमरे में घुसकर दोनों के हाथ-पांव बांधकर उनके मुंह में कपड़ा ठूस दिया। उसके बाद गोदाम का ताला तोड़कर उसके अंदर रखी आठ मोटर, छह बैटरी और कर्मचारियों के कमरे के अंदर रखी एक मोटर गाड़ी में डालकर ले गये।
खबर मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की। रामबाबू सिंह ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी। इधर हाट मिक्स प्लांट पर लूटपाट की घटना से गांव कनौरा, कनौरा, महेशपुरा सहित आसपास के ग्रामीणों में दहशत बनी है। ग्रामीणों ने कहा कि हाइवे पर वाहनों की आवाजाही होते हुए भी लूटपाट की घटना हो गई। ऐसे ग्रामीण भी सुरक्षित नही है।