नगर में एनएच-74 स्टेशन रोड व रुद्रपुर मार्ग पर चिन्हित अतिक्रमण को 22 अप्रैल को हटाया जाएगा। एनएच रामनगर मार्ग पर मंगलवार को अतिक्रमण पर चिन्ह लगाए जाएंगे।
सोमवार को एसडीएम ने अपने कार्यालय में नगर से अतिक्रमण हटाने, ई-रिक्शाओं के संबंध में विभिन्न संगठनों की बैठक बुलाई। बैठक में ई-रिक्शाओं के लिए नगर निगम द्वारा 25 अप्रैल तक ई-रिक्शाओं का पंजीकरण करने की जानकारी दी गई। यह भी बताया गया कि स्थानीय ई-रिक्शाओं का पंजीकरण होगा। नगर निगम के कर अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि नगर निगम द्वारा ई-रिक्शाओं का पंजीकरण 25 अप्रैल तक होगा।
निगम द्वारा इनके लिए सड़कें निर्धारित की जाएंगी। सड़कों के अनुसार रिक्शाओं का रंग अलग अलग होगा। एसडीएम दयानंद सरस्वती ने बताया जिलाधिकारी ने नगर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया है। दीपक वर्मा ने कहा कि प्रशासन अगर पहले सरकारी अतिक्रमण हटाए तो दुकानदार अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लेंगे। एसडीएम ने बताया कि श्मशान घाट, मानपुर मोड़, स्टेडियम रोड का निर्माण को मंजूरी मिल गई है। डीपीआर शासन को भेजा जा चुका है।
उधर एनएच की सहायक अभियंता पीसी जोशी ने बताया कि कल मंगलवार को एनएच रामनगर मार्ग पर अतिक्रमण चिन्हित किया जाएगा। 22 अप्रैल को स्टेशन रोड व रुद्रपुर मार्ग पर द्रोणसागर तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। यह हाइकोर्ट के आदेश के पालन में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्टेशन रोड और रुद्रपुर पुर मार्ग पर कुल 81 अतिक्रमण चिन्हित हैं, जो 50 सेंटीमीटर से डेढ़ मीटर तक है। बैठक में अधिवक्ता अमरीश अग्रवाल, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक वर्मा, ई-रिक्शा यूनियन अध्यक्ष एमए राहुल, गीता चौहान, अंशु रस्तोगी, जतिन अग्रवाल, इलियास माहिगीर आदि थे।