जंगल में लकड़ी बीनने गए एक ग्रामीण को हाथी ने कुचल कर मार डाला। मृतक अपने एक अन्य साथी के साथ किलपुरा कंपार्ट 25 में लकड़ी बीनने गया था। मृतक का शव दूसरे दिन बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वन विभाग ने मृतक के अंतिम संस्कार के लिए पांच हजार रुपये दिये।
भजनपुर बनबसा निवासी राम सिंह (62) अपने एक साथी के साथ किलपुरा रेंज के कंपार्ट 25 में सोमवार दोपहर बाद लकड़ी बीनने गया था। रेंजर किरन कफल्टिया ने बताया कि राम सिंह कुल्हाड़ी से लकड़ी काट रहा था। इस दौरान उस पर हाथी ने हमला बोल दिया। आक्रामक हाथी ने राम सिंह को जमीन पर पटक कर पैर से कुचल दिया।
मृतक के साथी ने बमुश्किल अपनी जान बचायी। उसने दूसरे दिन गांव में घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे एसडीओ फारेस्ट नवीन पंत, रेंजर कफल्टिया ने मृतक के परिजनों को अंत्येष्टि के लिए पांच हजार रुपये की तत्काल सहायता दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।