फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चक्कर काटकर थक गए, किसी ने नहीं सुनी

विज्ञापन
सितारगंज शिविर में गन्ना विकास विभाग पर फरियादियों के कम आने से खाली बैठे रहे कर्मचारी। - फोटो : SITARGANJ
विज्ञापन
नगर में लगे बहुउद्देशीय शिविर में 198 फरियादियों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। जिला स्तर के अधिकारियों ने समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को 15 दिन के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए। शिविर में ऐसे कई दिव्यांग पहुंचे जो सरकार की योजना का लाभ पाने के लिए विभागों की चौखट पर चक्कर काटकर थक गए लेकिन किसी ने नहीं सुनीं। विधायक सौरभ बहुगुणा व एडीएम ने वृद्धा पेंशन, दिव्यांग प्रमाणपत्र, विधवा पेंशन, बस पास, दिव्यांगजन को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, छड़ी, ई-राशन कार्ड बांटा।
विज्ञापन

सोमवार को राइंका मैदान में सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक एडीएम उत्तम सिंह चौहान की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर लगा। वार्ड दो निवासी बुजुर्ग साबिर अली शिविर में ट्राईसाईकिल लेने पहुंचे लेकिन उनका नाम ही नहीं था और न ही किसी अधिकारी ने इस ओर ध्यान दिया। पंडरी के इजहार अहमद की छह महीने पहले ही लॉकडाउन में दिव्यांग युवती से शादी हुई। शादी के बाद से वह पत्नी का दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए चक्कर काट रहा है। बिचई गांव के दोनों पैरों से दिव्यांग सतनाम सिंह खाद्य एवं रसद विभाग उत्तर प्रदेश शासन में बना राशन कार्ड लेकर पहुंचे।
उनका आरोप था कि उनका कार्ड निरस्त तो कर दिया लेकिन कार्ड बनाकर नहीं दिया गया। न उन्हें राशन मिलता है और न ही सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जाता है। दिव्यांगों को छह ट्राईसाइकिल, तीन छड़ी, तीन बैसाखी, 12 बस पास, 24 दिव्यांग प्रमाणपत्र बांटे गए। साथ ही कृषि विभाग की ओर से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 80 प्रतिशत अनुदान पर तुर्कातिसौर के ज्योति स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कृषि यंत्र दिए गए।
विज्ञापन

इससे पूर्व विधायक, ब्लॉक प्रमुख कमलजीत कौर, एडीएम ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। विधायक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की है। एडीएम ने कहा कि 15 दिन में समस्याओं का निदान न किया गया तो संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहां व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गोयल, शक्तिफार्म नगर पंचायत चेयरमैन सुकांत ब्रह्म, भाजपा नेता कमल जिंदल, मंडल अध्यक्ष विजय सलूजा, शक्तिफार्म के कार्तिक राय, प्रमुख पति पलविंदर सिंह औलख, रमेश बावा, सुरेश जैन आदि थे।
स्टॉलों पर दी गई योजनाओं की जानकारी
सितारगंज। बहुउद्देशीय शिविर में शिक्षा विभाग, महिला सशक्तिकरण, पंचायती राज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, आयुर्वेदिक, श्रम विभाग, जिला प्रोवेशन विभाग, अल्पसंख्यक विभाग, मत्स्य, पूर्ति, उद्यान, उद्योग, ऊर्जा निगम, जल संस्थान, पशुपालन, जिला दिव्यांग पुनर्वास, बैंक ऑफ बड़ौदा, महिला स्वयं सहायता समूहों एवं स्वास्थ्य विभाग आदि ने स्टाल लगाए। यहां विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। एडीएम व विधायक ने स्टॉलों का मुआयना भी किया। इसके अलावा एसडीएम मुक्ता मिश्र, सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल, मुख्य उद्यान अधिकारी एचसी तिवारी, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. अभय सक्सेना, मत्स्य अधिकारी रविंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी किशोर कुमार, सीईओ आरसी आर्या, जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत सिंह, जिला लीड बैंक अधिकारी केडी नौटियाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी मोहन सिंह नगन्याल फरियादियों की समस्याएं सुनने के साथ ही योजनाओं से लोगों को अवगत करा रहे थे। (संवाद)
मशरूम की खेती कर चला रहीं घर की आजीविका
सितारगंज। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होकर स्वरोजगार से जुड़ गई हैं। दो समूहों की महिलाओं ने स्टॉल लगाकर अपने उत्पादनों के बारे में बताया। सैंजनी गांव के दुर्गा स्वयं सहायता समूह की महिला रीता देवी ने बताया कि उन्हें उद्यान विभाग की ओर से 80 फीसदी छूट पर मशरूम का पांच टन बीज व खाद दिया गया है।
वह अपने खेत में मशरूम की खेती कर रही है और प्रतिदिन करीब 25 से 30 किग्रा मशरूम का उत्पादन हो रहा है। इसे वह बाजार के साथ ही आसपास के गांवों में सौ रुपये प्रति किग्रा बेच रही है। इससे उनकी आय बढ़ गई है और परिवार की आजीविका चलाने में सहयोग कर रही हैं। वहीं कल्याणपुर के तिवारी स्वयं सहायता समूह की महिला हेमा तिवारी ने बताया कि उन्हें उद्यान विभाग की ओर से दस क्विंटल मशरूम का बीज व खाद के बैग दिए गए। वह भी इसकी खेती कर रही हैं। इसके अलावा हल्दी, मंडुवा, कुट्टू व मक्का का आटा बनाकर बाजार में बेचती हैं। उड़द और भांग के बीज भी उगाए जाते हैं। उनके समूह में 12 महिलाएं हैं। समूह द्वारा सीमेंट के गमले बनाकर भी बाजार में उतारे जाते हैं। जल्द ही वह मंडुवा आदि के आटे के लिए अपनी चक्की लगाएंगी। (संवाद)

सितारगंज में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ करते विधायक सौरभ बहुगुणा, ब्लॉक प्रमुख कमलजीत - फोटो : SITARGANJ

सितारगंज में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में समस्याएं सुनते विधायक सौरभ बहुगुणा, एडीएम उत्तम सिंह - फोटो : SITARGANJ

सितारगंज में लगे बहुउद्देशीय शिविर में पहुंचे फरियादियों की भीड़।- फोटो : SITARGANJ

सितारगंज में आयोजित शिविर में दिव्यांगों को उपकरण बांटते विधायक सौरभ बहुगुणा।- फोटो : SITARGANJ

सितारगंज में आयोजित शिविर में मुख्य उद्यान अधिकारी हरीश तिवारी को उत्पादित मशरूम की जानकारी देत- फोटो : SITARGANJ

शिविर में यूपी के समय का राशन कार्ड निरस्त होने पर शिकायत लेकर पहुंचे बुजुर्ग दिव्यांग सतनाम सिं?- फोटो : SITARGANJ

ट्राईसाइकिल की मांग करने पहुंचे साबिर अली।- फोटो : SITARGANJ

पत्नी का दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने को शिविर में पहुंचे इजहार अहमद।- फोटो : SITARGANJ

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें