एसएसपी कार्यालय के पास नैनीताल हाइवे पर गैस पाइपलाइन लीक होने से पुलिस कर्मियों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि सीएफओ और सीओ सिटी ने समय से मौके पर पहुंचकर कंपनी कर्मचारियों को बुलाकर लीक गैस को काबू में करवाया।
इंडियन ऑयल अडानी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से शहर की कई जगहों पर गैस पाइपपाइन बिछी है। इन लाइनों में गैस आपूर्ति सुचारु है। एसएसपी कार्यालय के सामने नैनीताल हाईवे से गैस पाइपलाइन कई कॉलोनियों को जोड़ रही है। सोमवार को एसएसपी डीएस कुंवर सभी सीओ व सीएफओ के साथ थाना प्रभारियों की क्राइम बैठक ले रहे थे। इसी बीच सूचना मिली कि कार्यालय के पास हाइवे पर गैस पाइपलाइन लीक हो गई है। यह सुनकर बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों व परिसर में खड़े पुलिस कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई।
बैठक में शामिल सीएफओ वंशबहादुर यादव और सीओ सिटी अमित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने अडानी कंपनी के अधिकारी को कॉल कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कंट्रोल वॉल से गैस को बंद किया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली।
सीएफओ वंशबहादुर यादव ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी सूचना के बाद तत्काल मौके पर पहुंच गए थे जिससे बड़ी घटना होने से बच गई। कंट्रोल वॉल चलाने में कर्मचारियों को कुछ परेशानी आई थी। बताया कि मंगलवार को कंपनी के अधिकारी को वार्ता के लिए बुलाया गया है। भविष्य में इस तरह की घटना न हो और यदि हुई तो उस पर किस तरह काबू पाया जाएगा। इस संबंध में वार्ता कर कड़ी चेतावनी दी जाएगी।