काशीपुर। शिक्षा एवं खेल विभाग की ओर से मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत दो दिवसीय न्याय पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं बुधवार से शुरू होंगी। इनमें 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय सुदामालाल, काशीपुर में व्यायाम शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई को न्याय पंचायत कुंडेश्वरी, बांसखेड़ा और खड़कपुर देवीपुरा में बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी जबकि 23 जुलाई को इन्हीं न्याय पंचायतों में बालक वर्ग के मुकाबले होंगे। कुंडेश्वरी न्याय पंचायत की प्रतियोगिताएं किसान इंटर कॉलेज में, बांसखेड़ा की शिवलालपुर अमरझंडा में तथा खड़कपुर देवीपुरा और नगर निगम क्षेत्र की प्रतियोगिताएं उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएंगी।
खंड शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि प्रतियोगिताओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने आयोजकों को खेलों का शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में ब्लॉक खेल समन्वयक गौरव शर्मा, सतीश बिश्नोई, पवन कुमार, मोहन सिंह मेहरा, नवनीत चौधरी सहित अन्य व्यायाम शिक्षक मौजूद रहे।