कुंडा-हेमपुर डिपो-प्रतापपुर सड़क ग्राम नवलपुर में ढेला नदी पुल किनारे बाढ़ के पानी से कट गया। करीबन 50 गांवों का संपर्क गढ़ीनेगी कुंडा, काशीपुर से कट गया है। रामनगर से हरिद्वार देहरादून आने जाने वालों को अब काशीपुर होकर जाना पड़ेगा। जिससे करीब दस किमी दूरी बढ़ जाएगी।
मंगलवार की रात ढेला नदी में बाढ़ के पानी से नवलपुर में ढेला नदी पुल के पास सड़क पुरी तरह से कट गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर काशीपुर जसपुर के बीच में कुंडा से हेमपुर डिपो होकर प्रतापपुर तक सड़क जाती जो काशीपुर-रामनगर मार्ग पर मिलती है। जसपुर की तरफ से रामनगर जाने वाले इसी मार्ग से जाते हैं।
यह सड़क काशीपुर के वाया बाइपास का काम करती है। नगर में यातायात का दबाव बढ़ने से जसपुर की तरफ जाने वाला यातायात इसी मार्ग से भेजा जाता है। इस सड़क के कटने से हेमपुर डिपो, रामनगर से कुंडा जाने वालों को काशीपुर होकर जाना पड़ रहा है।
सड़क कटने की खबर से कटा रास्ता देखने ग्रामीणों की भीड़ लग गई। क्षेत्र के करीब 50 से अधिक गांवों का संपर्क कुंडा, गढ़ीनेगी, हेमपुर डिपो, काशीपुर से कट गया है। इससे रामनगर से हरिद्वार देहरादून आने जाने वालों को काशीपुर से होकर जाना पड़ेगा।
जिससे करीब दस किलो मीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। सूचना मिलते ही तहसीलदार जसपुर राधेश्याम राणा ने राजस्व विभाग की टीम के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि वह इसकी शासन को रिपोर्ट भेज रहे हैं।