रुद्रपुर। ईएसआईसी अस्पताल एक बार फिर विवादों में आ गया है। अस्पताल की एक नर्सिंग असिस्टेंट ने वरिष्ठ कर्मचारी पर यौन उत्पीड़न, अभद्र व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सिडकुल चौकी में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही मुख्यमंत्री को भी शिकायती पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ड्यूटी के दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़िता ने रुपये मांगने और वेतन में कटौती किए जाने का भी आरोप लगाया है। इसी बीच अस्पताल प्रबंधन द्वारा 25 कर्मचारियों को एक साथ सेवा से हटाए जाने के बाद मामला और तूल पकड़ गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि कई ऐसे कर्मचारी हटाए गए जिन्होंने प्रबंधन की कथित मनमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनका कहना है कि अस्पताल में लंबे समय से ड्यूटी आवंटन में भेदभाव, वेतन कटौती और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजे गए पत्र में दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
ईएसआईसी अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मामले की आंतरिक जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण वर्मा से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायत का मामला संज्ञान में नहीं है। इस संबंध में जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - यूएस नेगी, एसपी सिटी