रुद्रपुर। बहुचर्चित नर्स हत्याकांड मामले में डीएम की ओर से गठित तीन सदस्यीय कमेटी को पुलिस ने जांच रिपोर्ट सौंप दी है। बृहस्पतिवार को कमेटी जांच रिपोर्ट का अध्ययन कर तथ्यों का विश्लेषण करेगी। इस मामले में पुलिस मुख्य अभियुक्त सहित दो अभियुक्ताें को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
शहर के निजी अस्पताल में काम करने वाली नर्स 30 जुलाई को लापता हो गई थी। परिजनों ने 31 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कराई थी और आठ अगस्त को उसका शव बिलासपुर थाना क्षेत्र के वसुंधरा रोड में झाड़ियों में मिला। पुलिस ने 14 अगस्त को धर्मेंद्र निवासी ग्राम तुरसा पट्टी थाना शाही बरेली को राजस्थान से गिरफ्तार किया था। उसने नर्स के साथ दुष्कर्म कर लूट के लिए गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकारी थी। पुलिस ने सितंबर में धर्मेंद्र के गांव के रहने वाले बिहारी लाल से मृतका के मोबाइल को बरामद कर उसे जेल भेज दिया।बिहारी ने बताया था कि धर्मेंद्र की ओर से उसे मोबाइल रखने को दिया गया था।
मामले में जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई थी। इस टीम में एसडीएम रुद्रपुर, महिला आयोग की सदस्य और जिला कार्यक्रम अधिकारी शामिल किए गए थे। टीम ने पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट तलब की थी। एसडीएम मनीष बिष्ट ने बताया कि पुलिस की जांच रिपोर्ट मिल गई है। बृहस्पतिवार को कमेटी की बैठक में जांच रिपोर्ट खोली जाएगी। अगर कोई तथ्य छूटा होगा तो उसे इंगित किया जाएगा। अगर सभी तथ्यों का समावेश मिला तो कमेटी डीएम को रिपोर्ट सौंपेगी।