रुद्रपुर में प्रेस वार्ता करते एसएसपी। पुलिस
रुद्रपुर। काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या के बाद सवालों और आरोपों से घिरी ऊधमसिंह नगर पुलिस सतर्क हो गई है। कार्यभार संभालने के बाद नवनियुक्त एसएसपी अजय गणपति कुंभार ने दो टूक कहा है कि अब जमीनी विवादों की जांच चौकी-थानों में नहीं होगी। सीधे सीओ मामले की जांच करेंगे।
मंगलवार को एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस का मुख्य ध्येय केवल अपराध रोकना ही नहीं, बल्कि आम जनता के भीतर सुरक्षा का भाव पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई और पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग की जाएगी। थाना-चौकी में फरियादियों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। प्रत्येक फरियादी को न्याय का अहसास कराना और पुलिस-जनता के बीच की दूरी को कम करना उनका उद्देश्य होगा। महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति रहेगी। तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित विवेचना की जाएगी। नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए केवल खुदरा विक्रेताओं पर ही नहीं, बल्कि मुख्य सप्लायरों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा। बढ़ते साइबर अपराधों को रोकने के लिए साइबर सेल को आधुनिक बनाया जाएगा ताकि पीड़ितों की मेहनत की कमाई को समय रहते सुरक्षित किया जा सके। असामाजिक तत्वों और संदिग्धों की पहचान के लिए पूरे जनपद में बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। सूचनाओं के बेहतर आदान-प्रदान के लिए मीडिया सेल को और अधिक सक्रिय किया जाएगा और अपराध नियंत्रण में आम जनता का सहयोग लिया जाएगा।