एसएसपी के आदेश के बाद थानों में असलहों को लेकर बरती जाने वाली लापरवाही उजागर होने लगी हैं। ट्रांजिट कैंप के बाद अब काशीपुर कोतवाली के मालखाने से एक रिवाल्वर गायब है। जिसकी जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। दिनभर मालखाने को पुलिसकर्मी खंगालते रहे। एसएसपी ने मालखाना मोहर्रिर को निलंबित कर दिया है। मोहर्रिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
एसएसपी केवल खुराना ने ट्रांजिट कैंप थाने में पिस्टल गायब होने के बाद सभी थानों के मालखानों में रखे असलहों और अन्य सामानों की रिपोर्ट मांगी थी। जिसके बाद जिलेभर के थानों के मालखाने जांचे गए और रिपोर्ट एसएसपी को भेजी गई। काशीपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर की तरफ से मिली रिपोर्ट में एक रिवाल्वर गायब होने की जानकारी दी गई है। मालखाने से रिवाल्वर गायब होने से थाने में खलबली मची हुई है। दिनभर काशीपुर के पुलिस अधिकारी मामले को लेकर कुछ भी जानकारी देने से कतराते रहे। शाम तक मालखाने और कोतवाली में रिवाल्वर तलाशने के लिए पुलिसकर्मी जुुटे रहे।
एसएसपी केवल खुराना ने बताया कि मामले में कोतवाली के मालखाना मोहर्रिर जगदीश टम्टा को सस्पेंड कर दिया गया है। जगदीश और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जांच में अगर किसी अन्य की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ भी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कोतवाली में 5 रिवाल्वर थी, लेकिन 4 ही मौजूद मिली है। एक रिवाल्वर का नंबर पढने में नहीं आ रहा है। जिससे यह पता नहीं लग पा रहा है कि कौन से नंबर की रिवाल्वर गायब है। मालखाने से असलहा गायब होने में संबंधित थाने के इंचार्ज की भी जिम्मेदारी है। यह संज्ञान में आया है कि मालखाना से असलहा ले जाने के बाद वापस लौटकर दरोगा उसे मालखाने में जमा नहीं कराते हैं। असलहा घर ले जाने की भी जानकारी मिली है। अगर ऐसा पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।