काशीपुर। दिव्यांग बच्चों के लिए राहत भरी खबर है। 12 मई के अंक में अमर उजाला ने बाल देखरेख संस्थान को बजट देने से खड़े किए हाथ, दिव्यांगों को लगा झटका, शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद लंबी विभागीय कार्रवाई के बाद आखिरकार सरकार ने बजट स्वीकृत कर दिया है।
अब संस्थान में दिव्यांग बच्चे रहकर आसानी से शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। मार्च 2024 में चामुंडा विहार स्थित महिला कल्याण विभाग की ओर से बालकों की देखरेख व संरक्षण के लिए बाल देखरेख संस्थान खोला गया था। इसे अनमोल फाउंडेशन अपने खर्च पर संचालित करता आ रहा है। यहां 11-18 आयु वर्ग के करीब 50 दिव्यांगों के ठहरने की सुविधा है।
केंद्र में 25 बच्चे रहते हैं और 25 बच्चे शिक्षा लेने के बाद घर चले जाते हैं। फाउंडेशन ने संस्थान में बच्चों की देखरेख के लिए काउंसिलर, स्पेशल शिक्षक, सुरक्षा कर्मी, कंप्यूटर ऑपरेटर आदि स्टाफ रखा हुआ है। फाउंडेशन एक साल से लगातार बजट की डिमांड करता आ रहा था। अप्रैल में सरकार ने एनजीओ को बजट देने से इंकार कर दिया था।