रुद्रपुर। डीएम उदयराज सिंह ने वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए विकासखंडवार क्षेत्र पंचायतों की बैठक का संशोधित रोस्टर जारी किया है। प्रत्येक बैठकों के लिए नोडल अधिकारी के रूप में जिला स्तरीय अधिकारी नामित किया गया है।
क्षेत्र पंचायत खटीमा की बैठक 30 अगस्त को होगी। इसके लिए पीडी डीआरडीए को नोडल अधिकारी, डीपीआरओ को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। चार सितंबर को सितारगंज की बैठक के लिए डीडीओ को नोडल और जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
रुद्रपुर में 11 जुलाई और 18 सितंबर को होने वाली बैठक के लिए मुख्य कृषि अधिकारी को नोडल व कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। गदरपुर में 19 जुलाई और 26 सितंबर को बैठक में मुख्य उद्यान अधिकारी को नोडल व जिला क्रीड़ाधिकारी को सहायक नोडल बनाया है। बाजपुर में 26 जुलाई व सात अक्टूबर को होने वाली बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी को नोडल व जिला पर्यटन अधिकारी को सहायक नोडल और काशीपुर में सात अगस्त व 16 अक्टूबर को बैठक में डीपीओ को नोडल अधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं जसपुर में 21 अगस्त व 26 अक्टूबर को होने वाली बैठक में सहायक निबंधक सहकारिता समिति को नोडल एवं जिला सेवायोजन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया है। संवाद