- एएनझा इंटर कॉलेज में टीसी के आवेदन फार्म उपलब्ध न होने से विद्यार्थी परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। अटल उत्कृष्ट आदित्य नाथ झा इंटर कॉलेज में टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) निकालने के लिए आवेदन फार्म उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थी परेशान हैं। ऐसे में कॉलेज की ओर से प्रार्थना पत्र के आधार पर टीसी दी जा रही है। अटल उत्कृष्ट एएनझा इंटर कॉलेज का इस साल सीबीएसई बोर्ड का परीक्षाफल बेहद कम रहा। 12वीं का परीक्षाफल 22.6 और 10वीं का 63.76 प्रतिशत रहा। 10वीं और 12वीं में अनुत्तीर्ण छात्र अब दूसरे स्कूलों में प्रवेश ले रहे हैं। इसके लिए उन्हें टीसी की जरूरत पड़ रही है, लेकिन कॉलेज के पास टीसी निकालने के लिए आवेदन फार्म नहीं हैं। इससे छात्र परेशान हैं। प्रधानाचार्य डीसी पांडेय ने बताया कि पूर्व में कॉलेज की ओर से बाजार से आवेदन फार्म खरीदे जाते थे, लेकिन इस बार बाजार में फार्म नहीं मिल रहे हैं। इस समस्या को देखते हुए छात्रों को टीसी प्रार्थना पत्र के आधार पर दी जा रही है, लेकिन प्रार्थना पत्र में छात्र के अभिभावकों के हस्ताक्षर होने चाहिए।