गूलरभोज। करीब तीस लाख रुपये का बकाया जमा न करने पर ऊर्जा निगम ने नगर पंचायत की 200 स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन काट दिया। इस कारण सात वार्ड क्षेत्र में चार रात से सड़क और मोहल्लों में अंधेरा छाया है। ईओ का आरोप है कि निगम ने बिना नोटिस के बिजली काटी है।
नगर पंचायत की ओर से लगाई गई स्ट्रीट लाइट का बिल कई माह से जमा नहीं हो रहा है। इस वजह से बकाया तीस लाख रुपये तक पहुंच चुका है। बकाया जमा न करने पर निगम की ओर से कनेक्शन काटे जा रहे हैं। गलियों और मोहल्लों को रोशन करने वाली 200 लाइट चार रात से बंद हैं। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
नगर पंचायत के ईओ आशीष नेगी ने बताया कि नगर पंचायत ने नवंबर 2022 में ऑनलाइन बिल निकालकर दस लाख रुपये का बकाया चुकाया था लेकिन इसके बाद नगर पंचायत में बिजली का बिल समय से नहीं मिला। ऊर्जा निगम को पत्र भेजकर बकाया बिल भी मंगाया गया था। इसके बाद भी निगम ने बिल उपलब्ध नहीं कराया। अब 31 मार्च को नोटिस दिए बिना नगर पंचायत क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन काट दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम की लापरवाही के कारण नगर पंचायत पर बकाया बढ़ा है। अगर निगम समय से बिल उपलब्ध करा देता तो बिल भी समय से जमा होता और बकाया भी नहीं रहता। अब उन्होंने अपना कर्मचारी भेज कर बिल मंगाया है जिसे जल्द जमा करा दिया जाएगा और स्ट्रीट लाइट फिर से रोशन हो जाएंगी।