रुद्रपुर। कोरोना संक्रमण के बीच लोगों में मास्क पहने के प्रति थोड़ी जागरूकता तो बड़ी है लेकिन सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है। मेडिकल स्टोरों, सब्जी मंडी, किराना स्टोरों के साथ सार्वजनिक स्थलों पर लोग मास्क का इस्तेमाल तो कर रहे हैं, सामाजिक दूरी का पालन करने में लापरवाही बरत रहे हैं।
बुधवार सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक रुद्रपुर बाजार में कोविड कर्फ्यू की छूट के दौरान लोगों की भीड़भाड़ रही। कोरोना से बचाव के लिए लोग मास्क पहने नजर आए लेकिन अधिक भीड़भाड़ और सामाजिक दूरी का पालन न होने से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। ऐसी ही स्थिति मेडिकल स्टोरों व किराना स्टोर पर भी रही।
सब्जी मंडी : आज खुलेंगी पहली व तीसरी लाइन की दुकानें
रुद्रपुर। सीओ सिटी अमित कुमार ने बुधवार को रुद्रपुर सब्जी मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने सब्जी विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सामाजिक दूरी के नियमों के पालन के साथ ही सब्जी की दुकानें खोली जाएंगी। बृहस्पतिवार से पहली व तीसरी लाइन की दुकानें खुलेंगी। अगले दिन दूसरे व चौथे लाइन की दुकानें खोली जाएंगी। उन्होंने बताया कि ऐसे में कोरोना संक्रमण से सब्जी विक्रेता व ग्राहक बच सकते हैं।