रुद्रपुर। तराई के सबसे प्रमुख रोडवेज डिपो की कार्यशाला में बसों की सेहत सुधारने के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। कार्यशाला कई वर्षों से सीनियर, जूनियर फोरमैन की कमी से जूझ रही है। मैकेनिक भी पर्याप्त नहीं हैं।
डिपो की कार्यशाला में पांच वर्ष से सीनियर फोरमैन का पद रिक्त है। वर्ष 2024 तक दो जूनियर फोरमैन के सापेक्ष एक जूनियर फोरमैन की तैनाती कार्यशाला में थी। जूनियर फोरमैन के पास ही सीनियर फोरमैन का प्रभार था।
जून 2024 में जूनियर फोरमैन सेवानिवृत्त हो गए। तब से फोरमैन का प्रभार मैकेनिक के पास है। मैकेनिक के दो पदों में से भी एक पर ही तैनाती है। कार्यशाला में इलेक्ट्रीशियन का पद भी रिक्त है। सहायक इलेक्ट्रीशियन के दो पदों में से एक पर ही तैनाती है। कार्यशाला में कार्मिकों की कमी से खराब बसों की मरम्मत में विलंब होता है।
बॉडी सेक्शन में भी कार्मिकों की कमी
कार्यशाला के बॉडी सेक्शन में छह कर्मचारियों के सापेक्ष तीन पर ही तैनाती है। मैकेनिकल सेक्शन में फिटर और सहायक मैकेनिक के चार-चार पदों में से एक पर भी तैनाती नहीं है।
श्रमिकों के भरोसे टायर सेक्शन
कार्यशाला का टायर सेक्शन मजदूरों के भरोसे चल रहा है। टायर सेक्शन में तीन शिफ्ट के लिए दो-दो कुल छह कर्मचारियों की तैनाती होनी चाहिए लेकिन एक पर भी तैनाती नहीं है।
- कोट-
कार्मिकों के रिक्त पदों पर तैनाती के लिए हर महीने मुख्यालय प्रस्ताव भेजा जाता है। मुख्यालय से ही रिक्त पदों पर तैनाती होनी है। तैनाती के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। - पूजा जोशी, मंडलीय प्रबंधक (संचालन) परिवहन निगम काठगोदाम