रुद्रपुर में बैठक को संबोधित करते जिला अध्यक्ष रामप्रकाश गुप्ता।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। कोरोना महामारी के बाद बगैर फीस दिए बच्चों के दूसरे स्कूलों में प्रवेश लेने से उत्तराखंड बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूलों के सामने नई आर्थिक समस्या खड़ी हो गई है। मान्यता प्राप्त विद्यालय प्रबंधक संघ के पदाधिकारियों ने बैठक कर बगैर टीसी के प्रवेश न देने का निर्णय लिया है।
विजडम पब्लिक स्कूल में आयोजित संगठन की बैठक में पदाधिकारियों ने विभिन्न बिंदुओं पर विचार विमर्श किया। संगठन के जिला अध्यक्ष रामप्रकाश गुप्ता ने कहा कि जिले में उत्तराखंड विद्यालयीय शिक्षा परिषद से 953 स्कूल मान्यता प्राप्त हैं। कोरोना महामारी के बाद अधिकांश अभिभावकों ने बच्चों की फीस जमा नहीं की है। कई अभिभावकों ने फीस से बचने के लिए अपने बच्चों का टीसी के बजाय सिर्फ शपथ पत्र के आधार पर दूसरे स्कूलों में प्रवेश करवा लिया है। गुप्ता ने कहा कि यदि अभिभावक फीस जमा नहीं करता है कि तो उन्हें टीसी नहीं दी जाएगी। कोई भी स्कूल शपथ पत्र के आधार पर प्रवेश नहीं लेगा। प्रवेश के समय छात्र-छात्राओं की टीसी अनिवार्य होगी। फीस जमा नहीं होने पर छात्र-छात्राओं को परीक्षा में बैठने का मौका नहीं दिया जाएगा। गुप्ता ने कहा कि नया सत्र एक जुलाई 2021 से शुरू होने की संभावना है।