रुद्रपुर। छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित होने के बाद एसबीएस कॉलेज में सियासी रंग चढ़ने लगा है। विभिन्न पदों के लिए दावेदारी शुरू हो गई है। कॉलेज प्रशासन ने भी पिछले साल हुई फायरिंग की घटना को देखते हुए सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान हुडदंग मचाने और बिना आईकार्ड के कॉलेज में आने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कॉलेज प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के लिए 15 सिंतबर को प्रवेश प्रक्रिया बंद होने के बाद सख्त एसओपी जारी की जाएगी। प्राचार्य अवधेश नारायण सिंह ने कोतवाली पुलिस को पत्र लिखकर चुनावी प्रक्रिया के दौरान भारी पुलिस फोर्स तैनात करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पुलिस सुरक्षा के बीच होगी ताकि कोई हुड़दंग न मचा सके। पिछले साल की फायरिंग की घटना को दोहराने नहीं दिया जाएगा। अगर दावेदार बाहरी व्यक्ति के साथ कॉलेज में दिखे या किसी विवाद में शामिल हुए उनपर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दावेदारी शुरू, नए छात्रों को लुभाने में जुटे
रुद्रपुर। चुनाव की तिथि घोषित होने के बाद कॉलेज कैंपस पंफलेट और बैनरों से पट गया है। दावेदार नय आए छात्रों को लुभाने में जुट गए हैं और प्रवेश के लिए पहुंच रहे छात्रों की मदद कर उन्हें अपने पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। हर जगह दावेदारों के समर्थक छात्र-छात्राओं से सहयोग की अपील करने में जुट गए हैं।