खटीमा में पालिकाध्यक्ष सोनी राणा एवं वरिष्ठ लिपिक व पथ प्रकाश निरीक्षक के साथ वार्ता करती ईओ सरो?
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। नगर पालिका में तमाम समस्याओं के निराकरण और आंदोलित सफाई कर्मचारियों के बकाए वेतन जारी करने संबंधी कार्यवाही के लिए बुलाई गई बोर्ड बैठक कोरम पूरा नहीं होने के चलते स्थगित हो गई। अब यह बैठक शुक्रवार को बुलाई गई है। प्रभारी ईओ सरोज गौतम ने बताया कि पालिका के फंड में वेतन के लिए रुपये नहीं हैं। अगर बोर्ड प्रस्ताव पारित करती है तो राज्य वित्त से कर्मचारियों का वेतन दिया जा सकता है।
ईओ गौतम ने बताया कि स्थायी कर्मचारियों को एक माह तथा आउटसोर्सिंग समेत अन्य कर्मियों को चार माह का वेतन दिया जाना है। इधर, पालिकाध्यक्ष सोनी राणा ने बताया कि 23 जनवरी की सुबह साढ़े दस बजे पालिका बोर्ड की आपात बैठक बुलाई गई है। इसकी सूचना सभी सभासदों एवं जनप्रतिनिधियों को दे दी गई है। इधर, नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। वहीं, वार्ड संख्या 19 निवासी राजेंद्र सिंह बिष्ट ने ईओ को ज्ञापन सौंपकर नगर क्षेत्र में लगाई जा रही लाइटों के रिकार्ड की छाया प्रति मांगी थी। इसके जवाब में ईओ ने बिष्ट को लिखित रूप से यह बताया कि मांगा गया रिकार्ड एसडीएम कार्यालय में मौजूद है।
ईओ ने प्रकाश व्यवस्था की ली जानकारी
खटीमा। प्रभारी ईओ सरोज गौतम ने पालिका में कार्यभार ग्रहण करने के बाद पथ प्रकाश निरीक्षक विजय गुप्ता को तलब किया। उन्होंने अब तक लगीं स्ट्रीट लाइटों, ठेके से संबंधित रिकार्ड मांगे हैं। ईओ ने बताया कि अभी नगर सीमा के 950 पोलों पर लाइटें लगनी हैं।