रुद्रपुर। कोरोना काल में कर्फ्यू के चलते गूलरभोज बौर जलाशय में पर्यटकों के नहीं पहुंचने पर साहसिक पर्यटन गतिविधियां ठप हो गई हैं। तीन दिन पहले तेज अंधड़ चलने से तीन मोटर बोट पलट गईं। मोटर बोट क्षतिग्रस्त होने व पर्यटकों के नहीं पहुंचने से एजेंसी को 14 लाख रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है।
2020 में कोरोना संक्रमण के दस्तक के बाद लॉकडाउन लगने के कारण बौर जलाशय में पर्यटन गतिविधियां थम गईं थी। लॉकडाउन खुलने के बाद धीरे-धीरे दोबारा पर्यटकों ने साहसिक पर्यटन का लुत्फ लेने शुरू किया। बीते 13 अप्रैल तक 25 हजार पर्यटकों ने बौर जलाशय में प्रकृति का लुत्फ लेने के साथ ही कयाक नाव, पलटून, डोनट बोट, जोरर्विंग बॉल आदि साहसिक पर्यटन का भी लुत्फ लिया। पर्यटन कारोबार पटरी पर आने से पहले दोबारा कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने लगा। पिछले एक महीने से बौर जलाशय में पर्यटन गतिविधियां ठप होने के चलते टिहरी एडवेंचर एजेंसी को लाखों रुपये की चपत लग गई है। एजेंसी के स्वामी दिनेश रावत ने बताया कि पिछले एक महीने से पर्यटक बौर जलाशय में नहीं पहुंच रहे हैं। तीन दिन पहले तेज अंधड़ चलने से तीन मोटर बोट पलटकर क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उन्हें करीब 14 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।