- एसआइटी की टीम ने मृतक सुखवंत के परिजनों से की मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
काशीपुर। एसआईटी ने मृतक किसान सुखवंत सिंह के घर पहुंच कर परिजनों से घटनाक्रम से संबंधित जानकारी जुटाई। साथ ही, आत्महत्या प्रकरण की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस को पीड़ित परिवार के किसी भी सदस्य एवं गवाह से अनावश्यक संपर्क न करने के निर्देश दिए हैं।
एसआईटी की टीम शनिवार को काशीपुर पहुंची। आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि ऊधमसिंहनगर पुलिस कार्यालय, थाना आईटीआई, चौकी पैगा और अन्य संबंधित कार्यालयों में उपलब्ध इस प्रकरण से संबंधित अभिलेखों एवं दस्तावेजों को संरक्षित किया जा रहा है, ताकि साक्ष्यों की सुचिता बनी रहे। टीम मृतक सुखवंत के निवास पैगा दक्षिणी पर पहुंची। वहां एक एक करके सभी के बयान लिए। साथ ही, प्रकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद पुलिस को निर्देश दिया कि एसआइटी टीम के अलावा स्थानीय पुलिस को पीड़ित परिवार के किसी भी सदस्य एवं गवाह से अनावश्यक संपर्क न करने दिया जाए। साथ ही कहा, विवेचना में विधिसम्मत सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पीड़ित व प्रकरण से संबंधित गवाहों की सुरक्षा के दृष्टिगत पीड़ित परिजनों के आवास पर अन्य जनपदों से सुरक्षा कर्मी की तैनाती की है। साथ ही तकनीकी विश्लेषण के लिए तीन सब इंस्पेक्टर, दो हेड कांस्टेबल, एक कांस्टेबल को एसआइटी टीम में शामिल किया गया है। इसमें लोहाघाट थाना के उप निरीक्षक हेमंत कठैत, एएनटीएफ उप निरीक्षक सोनू सिंह, थाना चंपावत उप निरीक्षक राधिका भंडारी, थाना बनबसा के हेड कांस्टेबल विनोद यादव, थाना टनकपुर के हेड कांस्टेबल कमल कुमार व टनकपुर सर्विलांस सेल के कांस्टेबल गिरीश भट्ट को शामिल किया गया है। एसआइटी चीफ भरणे के मुताबिक कि इस संवेदनशील प्रकरण की जांच/विवेचना तथ्यों, साक्ष्यों एवं विधिक प्रावधानों के आधार पर निष्पक्ष रूप से की जा रही है। शनिवार को एसआइटी ने घटनास्थल के निरीक्षण के बाद थाना आईटीआई में पंजीकृत प्राथमिकी को भी थाना काठगोदाम में स्थानांतरित कर दिया है।