रुद्रपुर। किसानों को बिचौलियों के चंगुल से निकालने और उनकी आय बढ़ाने के लिए मंडी परिषद ने नई पहल शुरू की है। नैनीताल हाईवे पर एक आधुनिक किसान बाजार (किसान मंडी) बनाने की तैयारी की जा रही है। यहां किसान सीधे अपने फल-सब्जी और अन्य उत्पाद बेच सकेंगे।
मंडी परिषद के अधिकारियों के अनुसार रुद्रपुर-नैनीताल हाईवे पर करीब दो एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। यहां किसानों के लिए 50 से अधिक पक्की दुकानें, शेड, कोल्ड स्टोरेज, कांटा और पार्किंग की सुविधा होगी। बाजार में सुबह-शाम किसान अपना ताजा उत्पाद लाकर बिना किसी आढ़ती शुल्क के बेच सकेंगे। इससे उन्हें फसल का पूरा दाम मिलेगा। योजना का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस बाजार के शुरू होने से न सिर्फ किसानों को लाभ होगा, बल्कि शहरवासियों को भी सस्ती और ताजी सब्जियां मिल सकेंगी।
कोट
नया किसान बाजार बनाने की तैयारी चल रही है। किसानों को बिचौलियों के कारण उपज की कम कीमत मिलती है। किसान बाजार बनने से यह समस्या खत्म होने की उम्मीद है। -अनिल कुमार डब्बू, अध्यक्ष, मंडी परिषद