शक्तिफार्म। शक्तिफार्म और आसपास के लोगों को अब दांतों के उपचार के लिए दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। सीएचसी शक्तिफार्म में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने फीता काटकर डेंटल वार्ड का शुभारंभ किया। वार्ड में मशीनें और उपकरण को स्थापित करने के साथ ही डेंटल सर्जन की तैनाती पहले ही हो चुकी थी।
कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही सीएचसी में एक्स-रे तकनीशियन की तैनाती भी कराई जाएगी। इससे मरीजों को जांच के लिए अन्य अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि सीएचसी के नए भवन के निर्माण के लिए करीब 33 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की गई है। शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहां दायित्वधारी संजय बाछाड़, चेयरमैन सुमित मंडल, गोविंद तालुकदार, जगदीश डालमिया, मयंक अग्रवाल, विष्णु प्रामाणिक, डॉ. वगिशा चंद्रा, डॉ. रोहन कुमार आदि थे। संवाद