सुल्तानपुर पट्टी में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर/सुल्तानपुरपट्टी। विवादित भूमि को लेकर चचेरे-तहेरे भाई आपस में भिड़ गए। एक पक्ष ने पशुशाला में दूध निकाल रही महिला को पीट दिया। महिला को छुड़ाने के लिए परिजन मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से उन पर भी हमलाकर दिया। इस घटना में परिवार के तीन लोगों को चोटें आईं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टरों ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सुल्तानपुरपट्टी के मोहल्ला टांडा बंजारा में गंगाराम सैनी का मकान है। घर के पास ही पशुशाला है। इस जमीन पर कब्जे को लेकर गंगाराम का तहेरे भाई बलवीर सिंह के साथ विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे गंगाराम की पत्नी भगवती पशुशाला में जानवरों का दूध निकाल रही थी। कुछ देर में भगवती के चीखने चिल्लाने की आवाज आने लगी। इस पर गंगाराम अपने पिता अंगदलाल सैनी (75) और पुत्र शक्ति के साथ मौके पर पहुंचे जहां बलवीर, उसका पुत्र विक्रम, पत्नी माया और पुत्री ममता के अलावा दो-तीन अन्य लोग भगवती को पीट रहे थे। उनका कहना था कि जिस जमीन पर लकड़ी डाली गई है, वह जमीन उनकी है।
बलवीर और उसके परिजनों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बकौल गंगाराम हमले में उनके पिता अंगद लाल, पत्नी भगवती और पुत्र शक्ति घायल हो गए जिन्हें पड़ोसियों ने बाजपुर स्थित पीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उनके पिता अंगदलाल को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीओ वंदना वर्मा, कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसआई भगवान गिरि गोस्वामी, चौकी इंचार्ज प्रदीप कोहली ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि पुलिस ने बलवीर और उसके पुत्र विक्रम को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपी फरार हैं।
बाजपुर में जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में वृद्ध की मौत हो गई है। इस मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
चंद्रमोहन सिंह, एसपी काशीपुर।