काशीपुर। सरकार ने नीट 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। नीट री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों को रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। अभ्यर्थियों को बस के परिचालक को एडमिट कार्ड दिखाना होगा।
परिवहन मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यह मुफ्त यात्रा सेवा दो दिन के लिए उपलब्ध रहेगी। 20 जून को परीक्षा केंद्रों तक जाने के लिए उम्मीदवार मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। 21 जून को परीक्षा के दिन केंद्रों तक जाने और वहां से वापस आने के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। आदेश सभी डिपो के सहायक महाप्रबंधकों, चालक, परिचालकों को दिए हैं। काशीपुर डिपो के सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र कुमार आर्य ने बताया कि उम्मीदवारों को सफर के दौरान अपना एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) दिखाना होगा। एडमिट कार्ड देखने के बाद परिचालक जीरो अमाउंट (शून्य राशि) का टिकट जारी करेंगे। यह सुविधा केवल साधारण बसों में ही मान्य होगी। परीक्षा के दिनों में उम्मीदवारों की भारी भीड़ और जरूरत को देखते हुए पर्याप्त संख्या में बसें तैनात की जाएंगी।