काशीपुर। अधिकारियों के आश्वासन पर पुलिस हिरासत में किशोर की मौत के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रस्तावित धरना और प्रदर्शन टल गया है। जिससे पुलिस ने राहत की सांस ली है। मृतक के पिता ने मजिस्ट्रेटी जांच पूरी होने बाद दो दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
कटोराताल पुलिस ने 26 फरवरी को एक लड़की को भगाने के आरोप में बैलजुड़ी निवासी जियाउद्दीन रजा(16) को हिरासत में लिया। 28 फरवरी को जियाउद्दीन संदिग्ध स्थिति में मृत मिला। सूचना मिलने पर सैकड़ों लोगों ने हंगामा किया तब पुलिस ने चौकी प्रभारी प्रवीन सिंह, सिपाही बलवंत समेत पांच अज्ञात सिपाहियों, घर से गायब लड़की के पिता और भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस ने तीन दिन में आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। लेकिन तीन दिन पूरे होने पर भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से शनिवार की शाम लोगों ने रविवार को अल्ली खां से जुलूस निकाल कर कोतवाली में अनिश्चितकालीन धरने की घोषणा की थी। घोषणा के अनुसार रविवार की सुबह बड़ी संख्या में लोग कोतवाली तक जुलूस निकालने के लिए अल्ली खां चौक पर जमा होने लगे।
एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ राजीव मोहन, सीओ बाजपुर कैलाश पंवार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एएसपी ने लोगों से धरना स्थगित करने की अपील करते हुए शाम चार बजे इनमें प्रमुख लोगों को अपने कार्यालय में वार्ता के लिए बुलाया। देर शाम एएसपी कार्यालय में मृतक युवक के पिता सहित प्रमुख लोगों की एएसपी और सीओ से आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर बंद कमरे में लंबी वार्ता हुई।
विवेचना अधिकारी विपिन पंत ने बताया कि वह केश से संबधित साक्ष्य जुटा रहे हैं। जिस किसी के पास कोई साक्ष्य है वह उनको देकर जांच में मदद करें। विवेचना का जल्दी ही काम पूरा हो जाएगा तभी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। एएसपी डॉ. जगदीश ने कहा कि आठ मार्च तक मजिस्ट्रेटी जांच और विवेचना भी पूरी होने की उम्मीद है। उसके एक दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी हो जाएगी।
डॉ. जगदीश ने पीड़ित के परिजनों सहित प्रमुख लोगों से शांति बनाने की अपील कर कहा कि नौ मार्च को विवेचना अधिकारी से जांच प्रगति पर विचार विमर्श होगा। हसीन खान ने पुलिस जल्दी से जल्दी आरोपियों की गिरफ्तारी कर जनता के आक्रोश को शांत करने की अपील की। मृतक के पिता मो. यामीन रजा ने मजिस्ट्रेटी जांच पूरी होने के बाद दो दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी। बैठक में वरिष्ठ समाज सेवी अजीज कुरैशी, बसपा नेता मो. अशरफ, शम्शुद्दीन, डॉ. यूनुस चौधरी, अब्दुल आदि थे।
काशीपुर। पुलिस हिरासत में युवक की मौत के लिए आरोपियों की गिरफ्तारी के मांग को लेकर गणमान्य लोगों के साथ पुलिस अधिकारियों की वार्ता के दौरान पत्रकारों को बैठक में नहीं बैठने दिया। जिससे पत्रकारों में आक्रोश है। हालांकि बैठक के बाद डॉ. जगदीश ने बैठक में पत्रकारों को नहीं आने देने का कारण आफिस में स्थान की कम होना बताया है।
काशीपुर। विभिन्न सामाजिक संगठनों से लोगों ने एएसपी डॉ. जगदीश से मुलाकात कर किशोर की हत्या के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। कहा कि हत्या के आरोपी शीघ्र गिरफ्तार होने चाहिए साथ ही नगर में शांत, अमन चैन बना रहे। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष आसिफ रजा ने कहा कि पुलिस को यह ध्यान रखना चाहिए कि इस घटना को लेकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने न पाए। जुबैर सिद्दीकी ने कहा कि पुलिस हिरासत में युवक की मौत से सभी जाति धर्मों के लोगों में आक्रोश है। यहां आरिफ खान, एमए राहुल, सरफरोज वकील, सरफरोज चौधरी, अब्दुल कादिर, तौकीर अंसारी आदि थे।