सितारगंज। पूजा हत्याकांड मामले में शनिवार को हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर पांच थाने की पुलिस हत्यारोपी मुश्ताक के परिजनों से पूछताछ करने के लिए सितारगंज पहुंची थी। कोतवाली सितारगंज में आमद दर्ज कराने के बाद पुलिस टीम गांव गौरीखेड़ा स्थित मुश्ताक के घर पहुंची लेकिन उसके घर पर ताला लगा हुआ था। परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस टीम गुरुग्राम लौट गई।
मालूम हो कि हत्या से पहले पूजा ने पांच नवंबर 2024 को पुलिस को तहरीर देकर मुश्ताक के माता-पिता और भाई पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया था। इस मामले में पूछताछ करने के लिए शनिवार को हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर पांच थाने की पुलिस टीम गौरीखेड़ा सितारगंज पहुंची थी लेकिन मुश्ताक के परिजन पहले ही घर में ताला लगाकर चले गए। सितारगंज कोतवाली के एसएसआई विक्रम धामी ने बताया कि हरियाणा पुलिस पूजा हत्याकांड में मामले मुश्ताक के परिजनों से पूछताछ करने के लिए पहुंची थी, घर में ताला लगा होने के कारण उसके परिजनों से पूछताछ नहीं हो सकी। इसके बाद हरियाणा पुलिस लौट गई।