बाजपुर। प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए निकाय कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर तहसील में प्रदर्शन किया। जल्द ही मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई सहित अन्य निकाय कर्मचारी पालिका कार्यालय में एकत्र हुए। कर्मचारियों ने मुख्य मार्ग होते हुए शहीद भगत सिंह चौक तहसील कार्यालय तक जुलूस निकाला। उसके बाद तहसील परिसर में प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
वक्ताओं ने कहा कि आठ सूत्री मांगों पर 27 जुलाई 2021 को कर्मचारी संघ और प्रदेश सरकार के बीच समझौता हुआ था लेकिन मांगों को पूरा नहीं किया गया जिससे कर्मचारियों में रोष है। संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार लाला ने बताया कि 19 जून को मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में सफाई कार्य में व्याप्त ठेका प्रथा को समाप्त करने, वर्षों से कार्यरत ठेका कर्मियों को नियमित किए जाने, नई पेंशन योजना को बंद कर पुरानी पेंशन योजना पुनः लागू करने, मृत सफाई कर्मियों के पदों को जीवित किए जाने सहित आठ सूत्रीय मांगें रखी गई है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
वहां उपाध्यक्ष सुरेश कुमार ‘मिल्ले’, महामंत्री मुकेश कुमार, संगठन मंत्री उमेश कुमार, मंत्री विनोद कुमार, कोषाध्यक्ष बंटी कुमार, प्रचार मंत्री राजेश कुमार आदि मौजूद थे।