रुद्रपुर। शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से लावारिस पशुओं को पकड़ने का अभियान शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को पहले दिन नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर सड़कों पर घूम रहे 15 से अधिक लावारिस पशुओं को पकड़कर गोशाला पहुंचाया।
बीती 14 अगस्त की रात ट्रांजिट कैंप थाने में तैनात सिपाही भुवन चंद्र आर्या की पंतनगर में लावारिस पशु से टक्कर हो गई थी। सीने में सींग घुसने से सिपाही ने दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इस मामले का संज्ञान लेते हुए मेयर विकास शर्मा ने नगर निगम के कर्मियों को सड़क से पशु हटाने के निर्देश दिए। नगर निगम की ओर से बृहस्पतिवार को शहर में अभियान चलाकर सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं को पकड़ा गया। वाहन में लादकर इन्हें गोशाला पहुंचाया गया। अभियान का उद्देश्य केवल सड़कों से पशुओं को हटाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित और बेहतर आश्रय उपलब्ध कराना रहा।
मेयर शर्मा ने कहा कि शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में लावारिस पशुओं के घूमने से यातायात प्रभावित होने के साथ ही हादसों का खतरा बना रहता है। खासकर मुख्य मार्गों और चौराहों पर पशुओं के बीच सड़क पर बैठने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। पशुओं को पकड़ने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।