रुद्रपुर। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पतिवार को मेयर विकास शर्मा ने नगर निगम सभागार में दुर्गा पूजा कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
मेयर ने संबंधित अधिकारियों को पूजा स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले ही सुनिश्चित की जाएं।
नगर निगम क्षेत्र के ट्रांजिट कैंप, रविंद्र नगर, संजय नगर, मुखर्जी नगर, इंदिरा आदर्श बंगाली कॉलोनी और रामपुरा में प्रमुख रूप से दुर्गा पूजा का आयोजन होता है। इन स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
पूजा कमेटियों ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस और पीएसी बल तैनात करने की मांग रखी। मेयर ने बताया कि इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति को पत्र भेजा गया है। बैठक में दिलीप अधिकारी, सुमित राय, पिंकू राय, सपन साहा, गणेश दास, सुकुमार सरकार आदि मौजूद रहे।
कूटू का आटा खुले में न बेचने की अपील
खटीमा। व्यापार मंडल महामंत्री हिमांशु अग्रवाल ने नवरात्रि के दौरान किराना व्यापारियों से कूटू का आटा खुले में न बेचने की अपील की। उन्होंने बृहस्पतिवार को खटीमा बाजार में दुकानदारों से इसकी अपील की। उन्होंने कहा कि कूटू का आटा अच्छी गुणवत्ता वाले सील-बंद पैकेट में ही ग्राहकों को उपलब्ध कराया जाए ताकि उसकी गुणवत्ता और शुद्धता बनी रहे और किसी भी प्रकार की मिलावट या स्वास्थ्य संबंधी समस्या से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि पैकेट पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि व अन्य आवश्यक जानकारी अवश्य देखें। संवाद