रुद्रपुर। मेडिकल कॉलेज में अगले 15 दिन के भीतर एमआरआई जांच की सुविधा शुरू होने जा रही है। लंबे समय से एमआरआई मशीन उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को निजी जांच केंद्रों में मोटी रकम खर्च कर जांच करानी पड़ रही थी। मेडिकल कॉलेज में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रुद्रपुर के जिला अस्पताल में एमआरआई जांच की सुविधा नहीं थी। मेडिकल कॉलेज में उपचार शुरू होने के बाद से ही यहां एमआरआई सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद जगी थी। कॉलेज प्रशासन की ओर से मशीन की स्थापना और तकनीकी जांच का काम कराया जा रहा है जो अब अंतिम चरण में है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने बताया कि 15 दिन के भीतर एमआरआई जांच पूरी तरह शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद ब्रेन, रीढ़, घुटने, कंधे और पेट समेत शरीर के विभिन्न अंगों की जांच मेडिकल कॉलेज में ही हो सकेगी। मरीजों को जांच के लिए हल्द्वानी या निजी सेंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि जांच के लिए सरकारी दरों के अनुसार शुल्क लिया जाएगा। इससे खासकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को राहत मिलेगी।