रुद्रपुर गोल मार्केट गुरुद्वारे में टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण करते सांसद अजय भट्ट।
- फोटो : RUDRAPUR
सांसद अजय भट्ट ने सोमवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा गोल मार्केट में कोरोना टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की सराहना की।
सांसद ने कहा कि कोरोना टीकाकरण के लिए लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। इसके सार्थक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य कोरोना की तीसरी लहर से निपटना है। इसके लिए सभी का टीकाकरण जरूरी है। सांसद ने दोहराया कि वैक्सीन ही कोरोना से बचाव के लिए सुरक्षा कवच है। वैक्सीन पूरी तरह टीका सुरक्षित है। अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीनेट करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग वैक्सीन को लेकर अफवाहें फैलाकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी हरकतें मानवता के खिलाफ हैं। ऐसे लोगों से सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। लोग स्वयं को टीका लगवाने के साथ ही दूसरों को भी जागरूक करें। इससे पूर्व सांसद भट्ट का गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने स्वागत किया। वहां विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, मेयर रामपाल सिंह, ललित मिगलानी, राम सिंह बेदी, गजेंद्र सिंह, सुशील यादव, सुरमुख सिंह, गुरमीत सिंह मनजीत सिंह मक्कड़, एएनएम दीपा जोशी आदि थे। (संवाद)