नानकमत्ता। घर से किशोरी के गायब होने से परेशान मां ने जहर पी लिया। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां से उसे रेफर कर दिया गया। वहां से रुद्रपुर ले जाते समय महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इससे मृतका के घर में कोहराम मचा है। पंचनामा भरकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया हालांकि, पुलिस ने इस मामले में किशोरी के लापता होने की सूचना न मिलने की बात कही।
नगर के प्रेम कॉलोनी वार्ड दो निवासी ममता (45) पत्नी राममूर्ति ने शनिवार को जहर खा लिया। तबियत खराब होने पर परिजनों को जब जानकारी मिली तो वह उसे तत्काल शक्तिफार्म स्थित निजी अस्पताल ले गए। यहां तबियत में सुधार न होने पर परिजन उसे गंभीर स्थिति में रुद्रपुर ले जाने के लिए रवाना हो गए लेकिन, महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर एसआई पान सिंह तोमक्याल, एसआई खुशवंत सिंह ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। परिजनों ने बताया कि ममता की 16 वर्षीया पुत्री शुक्रवार की दोपहर से लापता थी। इसको लेकर ममता परेशान थी। इसी गम में उसके जहर खाने की आशंका है। थानाध्यक्ष सलाउद्दीन ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से नाबालिग के लापता होने की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।