क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव में वोट नहीं देने पर रखता था रंजिश
संवाद न्यूज एजेंसी
नानकमत्ता। चुनाव में हार जाने और वोट नहीं देने की रंजिश में महिला ने मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि ग्राम गिधौर निवासी मिन्द्रो कौर ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि गांव के कुलविंदर सिंह ने क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था लेकिन वह हार गया। वोट नहीं देने का आरोप लगाते हुए वह उनके परिवार से रंजिश रखता है। 19 सितंबर को जब वह घर के पास पालतू जानवर चुगा रही थी तभी कुलविंदर सिंह अपने भाइयों जसवीर सिंह, कुलदीप सिंह, कुलवंत सिंह, सुखविंदर सिंह व पिता गुरमीत सिंह के साथ आया और गालीगलौज मारपीट करने लगा।
बीचबचाव करने पर उसके पुत्र रंजीत सिंह को भी पीटकर घायल कर दिया। आसपास के ग्रामीणों के आने पर हमलावर भाग गए। उन्होंने 112 पर डायल कर घटना की जानकारी दी। परिजनों ने 108 एंबुलेंस से घायल मां-पुत्र को अस्पताल भेजकर इलाज कराया।
सीओ विमल रावत का कहना है कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।