सितारगंज नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने महिला और उसकी दो बेटियों को टक्कर मार दी। 34 वर्षीय महिला और 6 साल की बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि 9 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल है।
सितारगंज नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। आरके ढाबे के पास तेज रफ्तार कार ने हाईवे किनारे खड़ी महिला और उसकी दो मासूम बेटियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 34 वर्षीय महिला और उसकी 6 साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
विज्ञापन
मृतकों की पहचान मीनू देवी (34) और उसकी बेटी अंशिका (6) के रूप में हुई है। घायल दूसरी बेटी राधिका (9) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीनू देवी शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे दोनों बेटियों के साथ स्कूल में पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के लिए निकली थीं। वह आरके ढाबे के पास हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान किच्छा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने तीनों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। घायल बच्ची का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।