रुद्रपुर। खटीमा व चंपावत जैसे सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब नेपाल की कनेक्टिविटी के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा। भारत संचार निगम लिमिटेड की ओर से जल्द ही 46 जगहों पर 4जी कनेक्टिविटी दी जाएगी। इसको लेकर बीएसएनएल की ओर से सर्वे किया जा रहा है।
सरकार की ओर से चीन और नेपाल बॉर्डर से सटे इलाकों के गांवों तक मोबाइल कनेक्टिविटी देने की कवायद तेज हो गई है। संचार सुविधा नहीं होने से बॉर्डर के इलाकों से सटे गांवों के लोगों को नेपाल के मोबाइल सिग्नल के सहारे फोन पर बात करने के लिए काफी शुल्क चुकाना पड़ता है। मोबाइल कनेक्टिविटी मिलने से सीमावर्ती इलाकों में तैनात सेना, आईटीबीपी और एसएसबी जवानों को भी सहूलियत मिलेगी।
बीएसएनएल के हल्द्वानी एसडीओ अरविंद ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों के ग्रामीण इलाकों में संचार सुविधा नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। इसके चलते सरकार की ओर से फंड दिया जा रहा है। नेपाल से सटे चंपावत और खटीमा में 46 साइटों का सर्वे किया गया है। 4जी टावर लगने से ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही छात्र-छात्राओं की पढ़ाई के लिए इंटरनेट भी मददगार साबित होगा। कहा कि सरकार से फंड मिलने के बाद 4जी टावर स्थापित कर दिए जाएंगे।
काशीपुर में भी लगेंगे 4जी के तीन टावर
रुद्रपुर। बीएसएनएल के काशीपुर एसडीओ सर्वेश ने बताया कि काशीपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बीएसएनएल के तीन 4जी टावर लगाए जाएंगे। इसके लिए सर्वे किया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में संचार की कनेक्टिविटी मिलने से लोगों को उचित मूल्यों में अच्छी इंटरनेट की सुविधा मिल सकेगी।